शाजापुर। कल शनिवार को ट्रेन संख्या 14317 से संबंधित एक घटना में एक अज्ञात व्यक्ति शाम के समय नशे की हालत में ट्रेन की चपेट में आ गया। इस हादसे में वह व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जैसे ही सूचना मिली तो आरपीएफ के आरक्षक मुकेश कुमार मीणा तत्काल खोजबीन के लिए निकल पड़े। प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ कि यह घटना शाजापुर और सारंगपुर के मध्य घटी थी। आरक्षक मीणा ने आधी रात को अकेले ही निकलकर साहसपूर्वक घटना स्थल तक पहुंच बनाई।
वहां पहुंचने के बाद उन्होंने सिविल पुलिस से समन्वय स्थापित किया। तत्पश्चात, घायल व्यक्ति को त्वरित उपचार हेतु सारंगपुर राजकीय अस्पताल में एम्बुलेंस की सहायता से पहुंचाया गया। इस दौरान सिविल पुलिस के एसआई प्यारे लाल टाकरे एवं आरपीएफ के आरक्षक मुकेश कुमार मीणा द्वारा दिखाई गई तत्परता और सजगता के चलते उक्त व्यक्ति की जान बच सकी।
बाद में घायल व्यक्ति को शाजापुर एरिगा हॉस्पिटल में उपचार हेतु रेफर किया गया। होश में आने पर उक्त व्यक्ति ने बताया कि वह नशे की हालत में था और उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था। उसी अवस्था में वह ट्रेन की चपेट में आ गया और बेहोश हो गया। उसने यह भी कहा कि रेलवे पुलिस द्वारा समय पर दी गई सहायता से उसकी जान बच सकी और इसके लिए वह तथा उसका परिवार आजीवन रेलवे पुलिस का आभारी रहेगा।