निंबाहेड़ा। उदयपुर-निंबाहेड़ा मार्ग पर संचालित निजी बसों द्वारा यात्रियों से मनमाने तरीके से अधिक किराया वसूलने की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इस समस्या के समाधान हेतु मीरा सांवरिया संस्थान के अध्यक्ष एवं भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक सीए गुणवंतलाल शर्मा तथा उनके पदाधिकारीगण सोमवार को चित्तौड़गढ़ आरटीओ कार्यालय व जिला कलेक्टर से मिलकर ज्ञापन सौंपेंगे।
सीए गुणवंतलाल शर्मा ने बताया कि इन बसों के कंडक्टर न यात्रियों को टिकट देते हैं और न ही निर्धारित किराया लेते हैं। किराया नहीं चुकाने की स्थिति में यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार करना आम हो गया है। सरकारी रोडवेज बसें बंद होने के कारण आम जनता को इस रूट पर भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस विषय पर समाचार पत्रों एवं न्यूज चैनलों के माध्यम से कई बार आवाज उठाई गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि वे पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी से मिलकर आग्रह करेंगे कि इस रूट पर संचालित बसों द्वारा वसूले जा रहे मनमाने किराए को रोका जाए और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के अंतर्गत निर्धारित दरों को लागू करने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं।
शर्मा ने बताया कि इस पूरे क्षेत्र से उदयपुर में स्थित शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं संभागीय स्तर के सरकारी कार्यालयों में आमजन को नियमित रूप से आना-जाना पड़ता है। ऐसे में हर दिन मनमाने ढंग से किराया वसूली से जनता त्रस्त हो चुकी है। अतः उन्होंने प्रशासन से इस पर अविलंब कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।