मनासा। सोमवार अलसुबह करीब 4 बजे रामपुरा-मनासा रोड पर हाडीपीपलिया और घोटापिपलिया के बीच एक तेज़ रफ्तार लोडिंग पिकअप वाहन असंतुलित होकर पलट गया। वाहन में चार व्यक्ति सवार थे, जिनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन तेज गति में था और नियंत्रण खोने के कारण पलटी खा गया। वाहन में सवार मोहनलाल पिता बद्रीलाल धाकड़ (32 वर्ष), शिवलाल पिता राधेश्याम धाकड़ (50 वर्ष), लोकेश पिता प्रकाश धाकड़ (25 वर्ष) और हंसराज पिता बजरंगलाल धाकड़ (45 वर्ष) सभी निवासी राजपुरा, झालावाड़ गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में हंसराज धाकड़ की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य तीन घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से शासकीय अस्पताल मनासा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मनासा पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक हंसराज का पोस्टमार्टम शासकीय अस्पताल में करवाया। दुर्घटना के सही कारणों की जांच अभी जारी है।
