नीमच। शहर की अटल बस्ती में 5 जून 2025 की रात हुई वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। बस्ती के रहवासियों ने आज कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई। कलेक्टर को दिए गए आवेदन में, अटल बस्ती के निवासियों ने बताया कि गत 5 जून की रात लगभग 8 बजे बस्ती में रहने वाले एक व्यक्ति की कथित रूप से निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से ही बस्ती के लोग भयभीत और सहमे हुए हैं।
उनका आरोप है कि आरोपीगण आदतन अपराधी और झगड़ालू प्रवृत्ति के हैं, जो अक्सर बस्ती के अन्य लोगों को धमकाते और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देते रहते थे।बस्तीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आरोपीगणों को तत्काल बस्ती से बाहर निकाला जाए और उनके कथित अवैध मकानों को जमींदोज कर अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराया जाए। इसके साथ ही, डरे हुए रहवासियों ने अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस सुरक्षा की भी मांग की है।यह देखना दिलचस्प होगा कि जिला प्रशासन और पुलिस इस गंभीर मामले पर क्या कार्रवाई करते है।