मनासा। स्वर्गीय श्री लक्ष्मीनारायण राठौर की स्मृति में नगर के होटल अप्लेसा परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद भागवत ज्ञान गंगा महोत्सव कथा का समापन भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हुआ। कथा के अंतिम दिन, संध्या 4 बजे से 8 बजे तक बड़ी संख्या में धर्मप्रेमीजन उपस्थित हुए और कथा श्रवण का लाभ लिया।
कार्यक्रम में परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद जी तीर्थ ने भागवत ज्ञान का संचार करते हुए भक्तों को धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों की प्रेरक सीख दी। संगीतमय भजनों पर श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए, जिससे संपूर्ण कथा पंडाल भक्तिरस में सराबोर हो गया। कार्यक्रम के अंत में नगर के जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुजनों ने शंकराचार्य जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
इस सात दिवसीय आयोजन में सहयोग देने वाले समाजसेवियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया गया। आयोजन सफल बनाने में जुटे समस्त श्रद्धालुओं का आयोजनकर्ताओं ने आभार व्यक्त किया।