मंदसौर। 5 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद ने एनसीसी छात्र सैनिकों से संवाद किया। राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट्स और पुलिस अधीक्षक के बीच यह संवाद प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, देशभक्ति और नागरिक दायित्व की भावना को सुदृढ़ करना था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद ने कैडेट्स को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था की चुनौतियाँ, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा तथा युवाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि युवा नशामुक्ति, ट्रैफिक नियमों के पालन और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कैडेट्स ने भी पुलिस अधीक्षक आनंद से विभिन्न सामाजिक विषयों पर प्रश्न पूछे और संवाद किया। इस संवाद से उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना और भी प्रबल हुई। साथ ही, पुलिस प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और अपनत्व भी बढ़ा। कार्यक्रम के अंत में 5 म.प्र. बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल ज्योति प्रकाश ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद का आभार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शिविर में उपस्थित होकर युवाओं को प्रेरित करेंगे।