बड़वानी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 19 जून को बड़वानी में सिकल सेल दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी। एसपीजी और एएसएल श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है।
एसपी जगदीश डावर ने सभी थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। सभी थाना क्षेत्रों में रात-दिन गश्त की जाएगी। होटल, लॉज, ढाबे और धर्मशालाओं की जांच होगी। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी ली जाएगी। बिना नंबर और दूसरे जिलों के वाहनों की जांच होगी। किरायेदारों और नए आने वालों पर नजर रखी जाएगी। वीआईपी सुरक्षा के सभी नियमों का पालन किया जाएगा।
एसपी ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो नजदीकी थाने या डायल-100 पर सूचना दें।
सिकल सेल एक आनुवंशिक रक्त विकार है। यह बीमारी ज्यादातर जनजातीय समुदायों में पाई जाती है। इसमें लाल रक्त कणिकाएं अर्धचंद्राकार हो जाती हैं। इससे रक्त प्रवाह में बाधा आती है। रोगी को दर्द और संक्रमण की समस्या हो सकती है। हर साल 19 जून को सिकल सेल दिवस मनाया जाता है। इस दिन लोगों को बीमारी की जांच और समय पर इलाज के लिए जागरूक किया जाता है।