नीमच। जिले के जावद तहसील अंतर्गत ग्राम निलिया में एक आदिवासी किसान की कृषि भूमि पर दबंगों द्वारा जबरन कब्ज़ा करने और खेत के फाटक पर ताला लगाने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक, नीमच को शिकायत दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम उपरेडा निवासी आदिवासी किसान मुकेश पिता रामलाल भील ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी सर्वे क्रमांक 699 और 700 की कृषि भूमि को उसने मौखिक रूप से गोपाल पाटीदार को लीज पर दिया था। पाटीदार ने बाद में ज़मीन पर कब्ज़ा कर लिया था, जिसकी शिकायत के बाद कलेक्टर के निर्देश पर 6 जून 2025 को किसान को सीमांकन करवाकर कब्ज़ा वापस दिलवाया गया था। लेकिन किसान का आरोप है कि 9 जून 2025 को जब वह अपने खेत पर पहुंचा तो उसने देखा कि ज़मीन जोत दी गई है और फाटक पर ताला लगा है। पड़ताल करने पर पता चला कि गोपाल पाटीदार के कहने पर देवी सिंह राजपूत ने अपने ट्रैक्टर से खेत जोता है। किसान का कहना है कि ये लोग उसे खेत पर न आने की धमकी भी दे रहे हैं। आदिवासी किसान ने एसपी नीमच से दोनों व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, भूमि पर दोबारा कब्ज़ा दिलवाने और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि वह अपनी ज़मीन पर खेती कर सके।