नीमच। पुलिस अधीक्षक अंकित कुमार जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी बघाना निरीक्षक नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में थाना बघाना पुलिस टीम को चोरी के एक मामले में उल्लेखनीय सफलता मिली है। पुलिस ने फरियादी के घर से चोरी गए 15 हजार रुपये मात्र 12 घंटे में बरामद कर लिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 11 जून 2025 को फरियादी रोहित नरवले, निवासी नन्दाजी की बावड़ी, थाना बघाना, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके घर में रखे काले रंग के बैग में रखे 15,000 रुपये अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए गए हैं। उक्त रिपोर्ट पर थाना बघाना में अपराध क्रमांक 199/25, धारा 305 (ए) भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान, पुलिस को मुखबिर से प्राप्त सूचना व संदेह के आधार पर संगीता पति मंगलदास पंजाबी, निवासी नन्दाजी की बावड़ी को पूछताछ हेतु थाने बुलाया गया। सधी हुई पूछताछ में संगीता ने चोरी की वारदात को स्वीकार करते हुए बताया कि उसने फरियादी के घर से बैग सहित 15,000 रुपये चोरी किए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से संपूर्ण राशि बरामद कर ली है।
उल्लेखनीय भूमिका-
इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश अवस्थी, सहायक उप निरीक्षक कैलाश सोलंकी, प्रधान आरक्षक कैलाश चौधरी, प्रधान आरक्षक मनोज ओझा एवं महिला आरक्षक पूजा मालवीय की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन की इस तत्परता और सूझबूझ भरी कार्रवाई की क्षेत्रवासियों द्वारा सराहना की जा रही है।