नीमच/मोखमपुरा। गुरुवार दोपहर ग्राम पंचायत मोखमपुरा के समीप एक ट्रैक्टर खेत की हकाई के दौरान असंतुलित होकर गहरे तालाब में जा गिरा। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक को गंभीर चोटें आईं, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मोखमपुरा निवासी परसराम पिता रंगलाल कुशवाह अपने खेत पर ट्रैक्टर से हकाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर असंतुलित हो गया और खेत के पास बने एक गहरे तालाब में गिर गया। ट्रैक्टर सहित चालक तालाब में समा गए, जिससे परसराम कुशवाह को गंभीर चोटें आईं।

गनीमत रही कि आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तालाब से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने खेतों के समीप स्थित जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग प्रशासन से की है।
