मनासा। शुक्रवार दोपहर को चपलाना स्थित आदर्श विद्या मंदिर स्कूल के सामने एक कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि मोटरसाइकिल सवार युवक टकराव के बाद लगभग 20 फीट दूर जाकर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद घायल युवक के पैरों में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। मौके पर उपस्थित लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। इसी दौरान चपलाना निवासी डॉ. नंदकिशोर राठौर और श्री नंदलाल दडिंग ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए घायल युवक को अपनी निजी कार से तत्काल देवरी खवासा तक पहुंचाया, जहाँ से उसे 108 एंबुलेंस के माध्यम से शासकीय अस्पताल भेजा गया।
घायल युवक की पहचान राकेश रैगर, उम्र 27 वर्ष, निवासी निलिया कुंडला के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल नीमच रेफर कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।