नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र के ग्राम मोड़ी का एक युवक शनिवार को बरखेड़ा कामलिया के तालाब में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास एकत्रित हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अपने साथियों के साथ तालाब के किनारे गया था। इसी दौरान वह नहाने के लिए पानी में उतरा और गहरे पानी में चला गया। युवक को डूबते देख साथियों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही जावद थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुँचा। डूबे युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। फिलहाल गोताखोरों और रेस्क्यू दल द्वारा तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।

ग्रामीणों की भारी भीड़ तालाब किनारे मौजूद है और सभी युवक की सकुशल बरामदगी की प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रेस्क्यू टीम लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
