नीमच। रेवली देवली गाँव के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्रों के बीच विवाद के बाद गुर्जर समाज के जोरदार विरोध प्रदर्शन के दबाव में प्रशासन ने सात में से पांच छात्रों का निष्कासन रद्द कर दिया। जिन दो बच्चों के नाम एफआईआर में हैं, उनके मामले की जांच जारी है।
गुर्जर समाज ने जिला कलेक्टर कार्यालय और नीमच सिटी थाने का घेराव कर नारेबाजी की और सभी सात बच्चों का निष्कासन रद्द करने तथा एफआईआर वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान एसडीएम संजीव साहू और अन्य अधिकारियों ने समाज के वरिष्ठ सदस्यों से चर्चा की।
प्रशासन ने पांच बच्चों के निष्कासन को रद्द करने का निर्णय लिया, जबकि दो अन्य मामलों में पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही कोई निर्णय होगा। समाज ने ज्ञापन सौंपकर क्रॉस-एफआईआर दर्ज करने और प्राचार्य के स्थानांतरण को रोकने की मांग की।
इस विवाद के चलते झालरी गाँव के सभी छात्रों ने स्कूल जाने से इनकार किया है और उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनके बच्चों को स्कूल में प्रवेश नहीं मिलता, बहिष्कार जारी रहेगा। जिला कलेक्टर कार्यालय पर स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा।