नीमच। अग्रवाल समाज नीमच द्वारा अपने पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन जी का 5149वां जन्म महोत्सव बड़े जोश और धूमधाम से मनाया जा रहा है। पिछले कई दिनों से चल रहे इस भव्य आयोजन में समाजजनों ने विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। महोत्सव की कड़ी में रविवार को सीएसवी अग्रोहा भवन में अग्रकुल परिवार द्वारा मेहंदी उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अग्रवाल समाज की महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम में मेहंदी लगाने के साथ-साथ नेल आर्ट, चूड़ी बनवाना, गेम्स और डांस जैसे मनोरंजक आयोजन हुए। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तथा लकी ड्रा ने उत्सव का रोमांच और बढ़ा दिया। इसी क्रम में शाम को कमल अग्रसेन भवन में अग्र आनंद मेला आयोजित होगा, जिसमें “हंसी के रंग ठहाकों के संग” और “हाउजी नंबर्स का धमाका” जैसे कार्यक्रम सभी के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। महोत्सव का समापन सोमवार, 22 सितंबर को होगा। इस दिन अग्रसेन वाटिका में ध्वजारोहण एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। तत्पश्चात दोपहर 3 बजे अग्रवाल पंचायत भवन, बारादरी से एक विशाल और भव्य चल समारोह निकाला जाएगा।