अभिषेक सोनी/संवाददाता
देवास। शारदीय नवरात्रि पर्व की शुरुआत माता टेकरी पर मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा देवी की मंगल आरती के साथ हुई। सुबह हुई मंगला आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पहले दिन से ही माता टेकरी पर भक्तों का तांता लगा रहा और दूर-दूर से श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे।
नवरात्रि के प्रथम दिन कलेक्टर ऋतुराज सिंह भी परिवार सहित माता टेकरी पहुंचे और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने जिलेवासियों ओर प्रदेशवासियों को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। कलेक्टर ने अपील की कि आने वाले नौ दिनों तक शहरवासी टेकरी दर्शन के लिए यथासंभव पैदल पहुंचे और शहर में कार या अन्य वाहनों का उपयोग न करें, ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
पंडित विजय नाथ पुजारी ने बताया कि नवरात्रि के प्रथम दिवस मां का शैलपुत्री स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। माता टेकरी पर स्थित दोनों देवियों का नौ दिनों तक प्रतिदिन अलग-अलग स्वरूप में श्रृंगार और विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। मां तुलजा भवानी दिन में तीन बार अपना स्वरूप बदलती हैं। यह स्थान सिद्धपीठ माना जाता है, जहां देवी सती के रक्त से दोनों देवियों का प्राकट्य हुआ था इस बार 10 दिवसीय नवरात्रि पर्व होने से मां की 10 विद्याओं का भी विशेष पूजन किया जाएगा। श्रद्धालु यहां आकर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।