नीमच। सर्वपितृ अमावस्या के पावन अवसर पर नीमच की गौ सेवा समिति उपचार शाला ने एक ऐसी अनोखी पहल की, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। जहां लोग अक्सर अपने पूर्वजों का तर्पण करते हैं, वहीं समिति के गौसेवकों ने पहली बार अकाल मृत्यु को प्राप्त हुई गौमाताओं का भी विधि-विधान से तर्पण किया। शास्त्रों के अनुसार, श्राद्ध पक्ष में गौशाला में किया गया तर्पण हजारों गुना फलदायक माना जाता है। इसी मान्यता को साकार करते हुए, इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन गौ सेवा समिति उपचार शाला पर किया गया। पंडित शंकर शास्त्री जी द्वारा संपन्न करवाए गए इस तर्पण कार्यक्रम में गौमाताओं के साथ-साथ पूर्वजों को भी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अनूठी पहल के पीछे गौसेवकों की गौमाता के प्रति गहरी श्रद्धा और सम्मान की भावना झलकती है। कार्यक्रम में समिति के मितेश अहीर, पार्थ जोशी, विष्णु नायक, अंकित जोशी, सुरेश खंडेलवाल सहित कई अन्य गौभक्त मौजूद रहे। इस पहल की जिले भर में सराहना हो रही है, जो पशु कल्याण और धार्मिक भावनाओं का एक सुंदर संगम प्रस्तुत करती है।