देवरी खवासा। नवरात्रि पर्व की शुरुआत के साथ ही देवरी खवासा गांव का माहौल श्रद्धा और उत्साह से सराबोर हो उठा है। अंबे माता मंदिर परिसर में पिछले लगातार 15 वर्षों से गरबे का आयोजन हो रहा है। इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी युवा मित्र मंडल द्वारा गरबा पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। आयोजन की सभी विधियां मनासा थाना अंतर्गत विधिवत अनुमति लेकर संपन्न की जा रही हैं।
इस बार खास बात यह रही कि प्रजापति मोहल्ले में पहली बार माता जगदंबे की प्रतिमा स्थापित कर गरबे का आयोजन किया गया। यहां भी युवा मित्र मंडल के सहयोग से स्थानीय युवाओं ने पूरे जोश और भक्ति भाव से पंडाल को सजाया। गरबा उत्सव में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और युवा शामिल हुए और देर रात तक भक्तिमय माहौल में माता रानी के भजनों पर झूमते रहे।
पारंपरिक वेशभूषा में सजधज कर युवतियों ने डांडिया की थाप पर अपनी प्रस्तुतियां दीं, वहीं ग्रामीण और सामाजिक बंधनों से परे हर वर्ग के लोग एकजुट होकर गरबे में शामिल हुए। गांव की गलियों में भी नवरात्रि के गीत गूंजते रहे जिससे पूरा वातावरण उल्लास और भक्तिभाव से ओतप्रोत हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गरबा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा को भी मजबूती देता है। आने वाले दिनों में भी इसी तरह भक्ति और उत्साह के साथ गरबा महोत्सव चलता रहेगा।