नीमच। असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर आज हजारों की संख्या में सोंधिया राजपूत समाज के लोग शहर की सड़कों पर उतर आए। दशहरा मैदान से अखिल भारतीय सोंधिया राजपूत महासभा के बैनर तले निकाली गई विशाल रैली में समाज के सदस्य बड़ी संख्या में वाहनों के साथ शामिल हुए।
रैली का उद्देश्य प्रशासन से असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करना था। रैली शहर के प्रमुख मार्ग से गुजरकर शिवाजी सर्कल पर समाप्त हुई, जहां महासभा के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
ज्ञापन में हाल की तीन प्रमुख घटनाओं का जिक्र किया गया। इसमें राजवीर सिंह तंवर के साथ हुई मारपीट की घटना में पुलिस की कार्रवाई अपर्याप्त होने का आरोप लगाया गया। इसके अलावा 20 सितंबर को पिपलिया नाथावत गांव में गुर्जर समाज के कुछ युवाओं द्वारा राजपूत समाज के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाने को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास बताया गया। वहीं सोशल मीडिया पर राजपूत समाज के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों का भी उल्लेख किया गया।
ज्ञापन में आपराधिक तत्वों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत तत्काल मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। रैली में जिलाध्यक्ष अनिल सिंह परिहार, युवा जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह तंवर और जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने प्रशासन से शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए त्वरित कदम उठाने की अपील की।