जावद। अग्रवाल समाज जावद द्वारा महाराजा अग्रसेन की 5149वीं जयंति महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। तीन दिवसीय महोत्सव 20 सितंबर से अग्रसेन मांगलिक भवन में प्रारंभ हुआ।
पहले दो दिन बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, वहीं 22 सितंबर को अग्रसेन जयंति के अवसर पर सुबह 10 बजे अग्रसेन भवन से वाहन रैली निकाली गई। दोपहर 3 बजे चल समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें अग्रध्वज लेकर घोड़े पर नंदन सिंघानिया शामिल हुए। मार्ग में समाजजनों ने महाराजा अग्रसेन का पूजन किया। चल समारोह अग्रसेन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ, जहां महाराजा अग्रसेन की आरती की गई और मंचासीन अतिथियों द्वारा चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया। इसी अवसर पर सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
मंचासीन अतिथि तहसीलदार नवीन गर्ग ने बच्चों को संस्कारवान बनाने और प्रशासनिक पदों पर सहभागिता बढ़ाने पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन सह-संयोजक सुधीर अग्रवाल ने किया, जबकि समाज अध्यक्ष श्याम अग्रवाल ‘खजांची’ ने आभार व्यक्त किया। आयोजन के पश्चात सहभोज हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अग्रवाल समाजजन शामिल हुए।