नीमच। रोटरी सामुदायिक भवन में संगीत मंच, नीमच द्वारा एक भव्य संगीत निशा का आयोजन किया गया। इस संगीतमय शाम में शहर के गायक-गायिकाओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञानोदय महाविद्यालय के चेयरमैन अनिल चौरसिया एवं डॉ. माधुरी चौरसिया ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर आशा सांभर और तरुण बाहेती भी उपस्थित रहे।
संगीत निशा में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियाँ दीं। पंकज तिवारी ने सोचेंगे तुम्हें प्यार करें कि नहीं, खजानसिंह पवार ने एक रास्ता है जिंदगी, पंकज श्रीवास्तव और शुचि श्रीवास्तव ने इंतहा हो गई इंतजार की और जाने कैसे कब कहा इकरार हो गया, अतिथि कलाकार भारत गवरी ने ओ मेरी महबूबा, मयंक शर्मा ने कोई रोको ना दीवाने को, अजय और अनीता ने सोनी मेरी सोनी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं। इसके अलावा उषा, आदित्य तिवारी, हेमंत और नवीन ने भी अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
मुख्य अतिथि अनिल चौरसिया ने संगीत मंच के संयोजक प्रो. पंकज श्रीवास्तव को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस दौरान तरुण बाहेती ने नीमच के कलाकार देव संगत को स्टार फेस नेशनल अवार्ड जीतने पर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. पंकज श्रीवास्तव ने किया तथा आभार प्रदर्शन शुचि श्रीवास्तव ने किया।