नीमच। शहर के नजदीक फोरलेन पर हुए भयानक हादसे में एक जवान की जिंदगी काल के गाल में समा गई। बीती रात भड़भड़िया और जैतपुरा के बीच पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिसके नीचे दबकर एक 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कान्हा पिता प्रताप रावत के रूप में हुई है, जो चित्तौड़गढ़ जिले के बड़ोदिया गांव का रहने वाला था।

बताया जा रहा है कि यह दिल दहला देने वाली घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई, जब कान्हा पत्थरों से भरी ट्रॉली में सवार था। अचानक हुए इस हादसे में ट्रॉली पलट गई और कान्हा पत्थरों के भारी बोझ तले दब गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। नीमच सिटी पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। इस भयावह दुर्घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार में मातम फैला दिया है।
