नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के इंद्रानगर में शुक्रवार सुबह एक युवक के बेसुध मिलने से सनसनी फैल गई। जय जिनेंद्र रिसॉर्ट के पास पड़े युवक को परिजन तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान विशाल पिता मदनलाल माली (23 वर्ष) निवासी लखमी, थाना बघाना के रूप में हुई है, जो वर्तमान में इंद्रानगर, नीमच में रह रहा था। युवक के बेसुध मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मृतक के भाई और परिजन मौके पर पहुंचे और उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर सिटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल अज्ञात कारणों से हुई मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आगे की गहन जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।