खरगोन। जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर भव्या मित्तल ने निर्देश दिए हैं कि सभी मतदान केंद्रों पर गणना पत्रको का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन आगामी दो दिवसों में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि गणना चरण के आखिरी चार दिन 1 से 4 दिसंबर के बीच केवल नो मैपिंग वाले मतदाता और असंग्रहित गणना पत्रकों पर काम किया जाएगा। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिस भी मतदान केंद्र में असंग्रहित गणना पत्रको की संख्या 100 से ऊपर जा रही हो उन केंद्रों के संबंध में बीएलए, सरपंच-पंच, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधियों तथा सामुदायिक नेताओं के साथ आवश्यक रूप से बैठक कर अवगत कराया जाए कि ऐसे सभी लोगों के नाम प्रारूप मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं किए जाएंगे, जिससे पुनरीक्षण कार्यों पर विश्वास बना रहे। उन्होंने वीसी के माध्यम से निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की विधानसभा वार समीक्षा की और 90 प्रतिशत से कम गणना पत्रक डिजिटाइजेशन वाले मतदान केंद्रों में आ रही समस्याओं की जानकारी नोडल अधिकारियों से प्राप्त की।
जिला निर्वाचन अधिकारी मित्तल ने कहा कि नोडल अधिकारी नो मैपिंग वाले मतदाताओं की समीक्षा कर सुनिश्चित करें कि बीएलओ ने ऐप पर मैप्ड मतदाता की प्रविष्टी त्रुटिवश नो मैपिंग विकल्प पर तो नहीं कर दी है। उन्होंने बताया कि बीएलओ ऐप पर रोलबैक विकल्प के माध्यम से त्रुटियां सुधारी जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि नो मैपिंग वाले मतदाताओं की संख्या कम से कम रखना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ग्रामीण और शहरी निकायों को निर्देशित किया कि कम गणना पत्रक संग्रहण वाले केंद्रों में मुनादी वाहन के माध्यम से गणना पत्रकों को भरकर शीघ्रता से बीएलओ को उपलब्ध कराने की घोषणा कराई जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी मित्तल ने बताया कि निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण किया जाना है। इस संबंध में सभी नोडल अधिकारी निजी मतदान केंद्र, शासकीय मतदान केंद्र जो ध्वस्त हो चुके हैं, अथवा 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों की जानकारी उपलब्ध कराएं। अंतिम मतदाता सूची युक्तियुक्त मतदान केंद्र के नाम से बनाई जाएगी।
वीसी में उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रताप कुमार अगास्या, समस्त ईआरओ, एईआरओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सीएमओ, सीईओ, सीडीपीओ और बीईओ उपस्थित थे।