शाजापुर। जिले की पोलायकला में सोमवार दोपहर 2 बजे भाजपा क्षेत्रीय विधायक घनश्याम चंद्रवंशी अपर कलेक्टर अंकिता पास्कर ने अवंतीपुर बडोदिया और पोलायकला की तहसील भवन की बाउंड्री वॉल का भूमिपूजन किया। इस निर्माण कार्य पर कुल 52 लाख रुपये की लागत आएगी, जिसमें अवंतीपुर बडोदिया के लिए 12 लाख रुपये और पोलायकला के लिए 40 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
इस अवसर पर विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने कहा कि सरकार हर वर्ग के हितों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में हो रहे विकास की सराहना की।
विधायक ने भाजपा के दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछाया गया है, जिससे आवागमन सुगम हुआ है। तहसील स्तर पर सांदीपनि विद्यालय बनकर तैयार हैं, जो बच्चों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार हुआ है, नए स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण और सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
जल संसाधन के क्षेत्र में महत्वकांक्षी योजना और नल जल योजना के तहत घर-घर पानी पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही नर्मदा का पानी भी विधानसभा क्षेत्र में आने वाला है। कृषि विकास के लिए किसानों को सिंचाई सुविधाओं का विस्तार दिया गया है, समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी जा रही है और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण के लिए स्वरोजगार योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, साथ ही उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष देवी सिंह मंडलोई, अनिल जावरिया, कैलाश मंडलोई, नरेंद्र मंडलोई, उषा पालीवाल, वीणा महेश्वरी, देवराज कामलिया, मुकेश नाना, चंदर पटेल और बंटी अफसर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।