शिवपुरी। जिले के करैरा नगर परिषद में नवीन बस स्टैंड निर्माण के लिए वर्ष 2021 में भूमि आवंटित हुई थी जिसे आज शिवपुरी कलेक्टर के निर्देश पर करैरा एसडीएम द्वारा भूमि से अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया है।
करैरा एसडीएम अनुराग निंगवाल ने बताया कि नगर परिषद को आवंटित बस स्टैंड की भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध अतिक्रमण करवाया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 करोड रुपए से अधिक है, से 19 अतिक्रमण कर्ताओं के अतिक्रमण को बुलडोज़र और जेसीबी की सहायता से हटा दिया गया। इस कार्यवाही के दौरान राजस्व विभाग, पुलिस, एवं नगर परिषद का संयुक्त अमला मौजूद रहा।
आपको बता दें कि उक्त अतिक्रमण के कारण नवीन बस स्टैंड निर्माण में देरी हो रही थी। अतिक्रमण हटाने के पश्चात शीघ्र नवीन बस स्टैंड का निर्माण होकर अंतिम रूप मिलेगा, जिससे नगर वासियों को जाम की स्थिती से मुक्ति भी मिलेगी। महुअर पुल से लेकर पुलिस सहायता केंद्र एवं पुराने बस स्टैंड, रेस्ट हाउस के सामने आदि स्थानों पर बसों, टैक्सियों आदि के आवागमन के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।