नीमच। नशीली दवाओं के खिलाफ जारी अभियान के तहत CBN (सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स) को बड़ी सफलता मिली है। P&I सेल जावरा एवं DNC(O) CBN नीमच की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर 13 दिसंबर 2025 को 170.950 किलोग्राम पोस्त का भूसा बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुफिया सूचना मिली थी कि नागौर क्षेत्र का एक व्यक्ति राजस्थान पंजीयन की हुंडई क्रेटा कार से अवैध पोस्त का भूसा लेकर अडमालिया फंटा (नीमच) के रास्ते परिवहन कर रहा है। सूचना के आधार पर P&I सेल जावरा एवं DNC(O) CBN नीमच के अधिकारियों की टीम गठित कर मौके पर रवाना की गई।
टीम ने श्री मनशापूर्ण हनुमान मंदिर, अडमालिया फंटा, ग्राम अडमालिया, तहसील एवं जिला नीमच के पास संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 170.950 किलोग्राम पोस्त का भूसा बरामद हुआ। मौके से एक हुंडई क्रेटा कार भी जब्त की गई।
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद पोस्त के भूसे को जब्त कर आरोपी को एनडीपीएस एक्ट 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।