नीमच। ग्रुप केंद्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), नीमच के महाराणा प्रताप भवन में सोमवार को “पेंशन अदालत एवं कल्याण एवं पुनर्वास (वार्ब) कार्यशाला” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप महानिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, ग्रुप केंद्र नीमच ने की।
पेंशन अदालत एवं वार्ब कार्यशाला में ग्रुप केंद्र नीमच के क्षेत्राधिकार अंतर्गत मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में निवासरत सीआरपीएफ के पेंशनधारियों, शहीद एवं दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सेवानिवृत्त कार्मिकों के कल्याण, पुनर्वास तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करना और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना रहा।
उल्लेखनीय है कि पूर्व बैठक में प्राप्त पेंशनधारियों के सभी प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। इस बैठक में पेंशनधारियों एवं आश्रितों ने अपनी समस्याएं अध्यक्ष के समक्ष रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुना गया। पेंशन से संबंधित मामलों को छोड़कर अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
उप महानिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पेंशनधारी सीआरपीएफ परिवार का अभिन्न और महत्वपूर्ण हिस्सा हैं तथा बल उनकी हरसंभव सहायता के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने भूतपूर्व कार्मिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में उप महानिरीक्षक ने सभी पेंशनधारियों एवं उनके आश्रितों का सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कमांडेंट प्रमोद कुमार साहु, उप कमांडेंट (प्रशासन) देवेंद्र सिंह, ग्रुप केंद्र नीमच के समस्त राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, पेंशनधारी एवं उनके आश्रित उपस्थित रहे।