शिवपुरी। जिला अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने आज अपनी लंबित वेतन की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। वार्ड बॉय और मल्टी टास्क स्टाफ के रूप में कार्यरत इन कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे वे आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कर्मचारी गिर्राज यादव ने बताया कि उन्हें तीन माह से वेतन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी शिवपुरी के बाहर से आते हैं और किराए का खर्च उठाकर ड्यूटी पर पहुंचते हैं। वेतन न मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है, और कुछ कर्मचारियों पर तो कर्ज भी हो गया है। इसके बावजूद उनका रुका हुआ वेतन अभी तक जारी नहीं किया गया है।
कर्मचारियों ने कलेक्टर से मांग की है कि उनका लंबित वेतन शीघ्र जारी किया जाए, ताकि वे और उनके परिवार इस आर्थिक संकट से बाहर निकल सकें।