दतिया। दतिया शहर के लाला तालाब क्षेत्र स्थित रतन सेठ के बगीचे के पास निवासरत वार्ड क्रमांक 23 के लोगों को वर्षों बीत जाने के बाद भी जमीन का पट्टा नहीं मिल सका है। पट्टा न मिलने से परेशान वार्ड 23 के बड़ी संख्या में निवासियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनसुनवाई में आवेदन सौंपते हुए शासन से शीघ्र पट्टा दिलाने की मांग की।
वार्डवासियों ने बताया कि वे वर्षों से उक्त काबिज जमीन पर निवास कर रहे हैं। कई लोगों के बाल सफेद हो चुके हैं, लेकिन आज तक शासन द्वारा उन्हें जमीन का अधिकार नहीं दिया गया। पट्टे के अभाव में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि लाला तालाब क्षेत्र में रतन सेठ के आसपास रहने वाले कुछ लोगों को शासन द्वारा पट्टे वितरित किए जा रहे हैं, जबकि रतन सेठ के बगीचे के नीचे स्थित कसेर मोहल्ला के निवासियों को अब तक पट्टा नहीं दिया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश है।
जनसुनवाई में पहुंचे वार्डवासी धर्मेंद्र, आदित्य, जुगल, राजकुमारी, क्रांति, राजकुमार, अशोक, राजू, नंदकिशोर, जगदीश सहित अन्य लोगों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए शीघ्र न्याय की मांग की।
वार्डवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही उन्हें जमीन का पट्टा नहीं मिला तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।