मुरैना। चंबल नदी को लहूलुहान कर रहे रेत माफियाओं पर आखिरकार वन विभाग ने बड़ा प्रहार किया है। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ की गई इस सख्त कार्रवाई में नेशनल हाईवे-44 स्थित आरटीओ चेक पोस्ट के पास से अवैध रेत से भरा एक 10 चक्का डंपर पकड़ा गया। मौके से डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे रेत माफियाओं में खलबली मच गई है।
सूत्रों के मुताबिक बिना किसी वैध दस्तावेज के चंबल नदी की अवैध रेत लेकर जा रहा यह डंपर वन विभाग की निगरानी में था। कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोका और जांच में अवैध परिवहन की पुष्टि की। जब्त किए गए डंपर और रेत की कुल कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
वन विभाग की इस कार्रवाई से चंबल अंचल में सक्रिय रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि अवैध रेत कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी लगातार सघन कार्रवाई जारी रहेगी।
चंबल क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन पर्यावरण और कानून दोनों के लिए बड़ा खतरा बना हुआ था। वन विभाग की इस कार्रवाई को माफिया नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।