नीमच। मनासा के उषागंज कॉलोनी निवासी नसीम नामक महिला ने अपने साथ छेड़छाड़, गाली-गलौज और धमकियों की घटना को लेकर कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नसीम ने आरोप लगाया कि दूध डेयरी संचालक रामबाबू नागदा एवं उसके साथियों ने घर के पास स्थित विवादित रास्ते को लेकर उनके साथ धक्का-मुक्की की और गालियां दीं। इस संबंध में थाने में शिकायत करने के बावजूद न तो कोई कार्रवाई की गई और न ही आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
महिला का आरोप है कि शिकायत के बाद संबंधित पुलिस अधिकारी ने मामला दबा दिया और उनसे पैसे की मांग की गई। इनकार करने पर स्थिति और बिगड़ गई। नसीम ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपी पक्ष को संरक्षण देते हुए सहमति से झूठे बयान दर्ज किए।
नसीम ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो वह भूख हड़ताल करने को मजबूर होंगी। उन्होंने कलेक्टर से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।