नीमच। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जिला नीमच के तत्वावधान में विजय दिवस के अवसर पर आज शहीद पार्क में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में मिली ऐतिहासिक विजय तथा देश के लिए सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प, उत्कृष्ट युद्ध कौशल और त्याग के कारण ही 1971 के युद्ध में पाकिस्तान को पराजय का सामना करना पड़ा और 93 हजार से अधिक पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया। यह विजय शहीदों के बलिदान का परिणाम है, जिसे देश कभी भुला नहीं सकता।
समारोह में मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा सहित राकेश पप्पू जैन, निलेश पाटीदार, सेवानिवृत्त असिस्टेंट कमांडेंट मुकेश गहलोत, राकेश किलोरिया एवं इतिहासकार सुरेंद्र शक्तावत मंचासीन रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि विजय दिवस आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
इस अवसर पर वीर नारियों एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के उन वरिष्ठ पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया, जिन्होंने 1971 के युद्ध में प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया था। साथ ही फिजिकल अकादमी एवं डिफेंस अकादमी के संचालक का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन परिषद के जिला अध्यक्ष देवेंद्र परिहार ने किया। समारोह में परिषद के सदस्य, एनसीसी व स्काउट कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।