देवास। बीएनपी थाना क्षेत्र स्थित चामुंडा पैलेस कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर से महिला का 2 से 3 दिन पुराना शव बरामद हुआ। घर से लगातार दुर्गंध आने पर आसपास के रहवासियों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बीएनपी थाना पुलिस ओर एफएसएल अधिकारी मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा खुलवाया। अंदर महिला मृत अवस्था में पाई गई। शव की हालत को देखते हुए पुलिस ने उसके कई दिन पुराना होने की आशंका जताई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया।
बताया जा रहा है कि महिला की मौत के बाद भी उसका पति हफ्ते भर तक उसी घर में मौजूद रहा। मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थी और इसी के चलते उसकी मौत हुई। पति का कहना है कि डर और घबराहट के कारण वह कई दिनों तक किसी को इस घटना की जानकारी नहीं दे सका।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद से चामुंडा पैलेस कॉलोनी में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।