मंदसौर। नई आबादी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में कार की टक्कर से नीलगाय की मौत हो गई, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा पंचमुखी बालाजी मंदिर के सामने हुआ।

जानकारी के अनुसार होंडा अमेज कार (क्रमांक MP-07 CF 6998) मंदसौर से बखतगढ़ की ओर जा रही थी। कार में सवार बखतगढ़ निवासी ईश्वर (25), पिता जगदीश गोस्वामी, निवासी ग्राम साकतली (धार) तथा आयुष (23), पिता राजेश देवड़ा, निवासी बखतगढ़ (धार) अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पंचमुखी बालाजी मंदिर के सामने अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई, जिससे कार की उससे जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि नीलगाय की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में कार का बोनट, सामने का कांच, बाईं ओर का साइड कांच, बाईं हेडलाइट सहित अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि कार में सवार दोनों युवक सुरक्षित रहे और उन्हें कोई चोट नहीं आई।

घटना की सूचना पर नई आबादी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार सवार युवकों को थाने ले जाकर औपचारिक कार्यवाही पूरी की।
