मंदसौर। क्रिसमस आयोजन को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने बुधवार को जिला शिक्षा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। संगठनों ने आरोप लगाया कि कुछ स्कूल बच्चों पर क्रिसमस मनाने और सांता क्लॉज की वेशभूषा पहनने का दबाव बना रहे हैं। इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
विहिप पदाधिकारियों ने कहा कि कई स्कूल क्रिसमस पर विशेष सजावट करते हैं, जबकि दिवाली, गणेश चतुर्थी जैसे हिंदू त्योहारों पर कोई आयोजन नहीं किया जाता, जो भेदभावपूर्ण है। उन्होंने कॉन्वेंट स्कूलों से हिंदू बच्चों पर किसी भी धार्मिक आयोजन का दबाव न डालने की मांग की।
मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी टेरेसा मिन्ज ने कहा कि स्कूलों को निर्देश जारी किए जाएंगे कि किसी भी छात्र पर किसी विशेष धार्मिक कार्यक्रम या वेशभूषा को अपनाने का दबाव न बनाया जाए। संगठनों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।