चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ शहर में सिख समाज द्वारा गुरु गोबिन्द सिंह जी के चारों साहिबजादों एवं माता गुजरी जी की शहादत को समर्पित भव्य नगर कीर्तन का आयोजन 26 दिसंबर (शुक्रवार) को किया जाएगा।
सिख प्रबंधक कमेटी चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष हरमीत सिंह अरोड़ा ने बताया कि नगर कीर्तन दोपहर 1.30 बजे गोरा बादल स्टेडियम से प्रारंभ होकर गोलप्याऊ चौराहा, सुभाष चौक, रोडवेज, शहर कोतवाली, कलेक्ट्री चौराहा होते हुए फ्लाईओवर मार्ग से प्रतापनगर स्थित गुरुद्वारे पहुंचेगा, जहां अरदास के साथ इसका समापन होगा। नगर कीर्तन में क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिक शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि सिख धर्म के इतिहास में 21 दिसंबर से 28 दिसंबर के बीच गुरु गोबिन्द सिंह जी के पूरे परिवार ने अद्वितीय बलिदान और शहादत प्राप्त की, जिसे स्मरण करते हुए यह नगर कीर्तन आयोजित किया जा रहा है।
कमेटी के उपाध्यक्ष संदीप सिंह ‘शम्मी’ ने जानकारी दी कि नगर कीर्तन के स्वागत में शहरवासियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। साथ ही इस अवसर पर पंजाब के प्रसिद्ध ‘बीर खालसा’ अखाड़ा द्वारा विशेष शस्त्र कला प्रदर्शन भी किया जाएगा।
सिख समाज ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस धार्मिक एवं ऐतिहासिक भव्य नगर कीर्तन में सहभागी बनकर इसका पुण्य लाभ प्राप्त करें।