चित्तौड़गढ़। राजस्थान ओबीसी विभाग के सदस्य मोहन मोरवाल के चित्तौड़गढ़ आगमन पर हरिवंश कीर समाज के प्रदेशाध्यक्ष एवं भाजपा ओबीसी चंदेरिया मंडल अध्यक्ष किशनलाल कीर ने उनसे भेंट कर कीर समाज की समस्याओं से अवगत कराया तथा समाज के उत्थान हेतु उचित प्रतिनिधित्व की मांग की।
प्रदेशाध्यक्ष किशनलाल कीर ने ओबीसी विभाग के सदस्य मोरवाल को बताया कि कीर समाज प्रदेश में अति पिछड़ा वर्ग है, जिसका मुख्य रोजगार कृषि पर आधारित है। पूर्व में समाज के लोग नदियों के तटों पर खेती करते थे, लेकिन अत्यधिक बजरी दोहन के कारण यह खेती लगभग बंद हो गई है, जिससे समाज की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है।
उन्होंने बताया कि राजनीतिक स्तर पर भी कीर समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। वर्तमान में प्रदेश में समाज का कोई भी विधायक, सांसद, प्रधान या पंचायत समिति सदस्य नहीं है, साथ ही राजनीतिक दलों में भी समाज का कोई प्रतिनिधि उच्च पद पर नहीं है, जिससे समाज मुख्यधारा से पीछे रह गया है।
प्रदेशाध्यक्ष ने मांग की कि अति पिछड़े वर्ग में शामिल कीर समाज को उचित प्रतिनिधित्व देकर उसके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के प्रयास किए जाएं तथा समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर, ओबीसी बोर्ड सदस्य मोहन मोरवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट, पूर्व जिलाध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट, स्थानीय प्रधान रणजीत सिंह भाटी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष गोटूलाल सुथार, गुर्जर समाज जिलाध्यक्ष मांगीलाल गुर्जर, कीर समाज जिलाध्यक्ष रतनलाल कीर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।