मंदसौर। शहर में क्रिसमस का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रमुख अनुग्रह चर्च (आराधना भवन) आकर्षक रोशनी, फूलों और भव्य सजावट से सुसज्जित नजर आया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। गुरुवार प्रातः चर्च में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ईसाई समाजजन शामिल हुए। प्रार्थना के बाद सभी ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। युवाओं ने ढोल की धुन पर नृत्य कर उत्सव की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर प्रभु यीशु की जन्म कथा सुनाई गई और उनके प्रेम, शांति व सेवा के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया गया। रात्रिकालीन आराधना के पश्चात सुबह केक काटकर प्रभु यीशु का जन्मोत्सव मनाया गया। पूरे आयोजन में भाईचारे, प्रेम और मानवता का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।