नीमच। जिले में मृत पशुओं के शव उठाने और निस्तारण की शासकीय व्यवस्था न होने से पशुपालक और गोशाला संचालक परेशान हैं। सर्व हिन्दू संगठन ने इस मामले में मुख्यमंत्री, विधायक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा है, जिसमें अवैध वसूली और मृत पशुओं की खाल, हड्डी और मांस के अवैध कारोबार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व ठेकेदार मनमानी शर्तों पर शव उठाते हुए गरीब पशुपालकों से अवैध राशि वसूल कर रहे हैं। यदि राशि नहीं दी जाती, तो मृत पशु कई दिनों तक पड़े रहते हैं। संगठन ने रामनगरदृजीरन क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करते हुए मृत पशुओं के अंग निकालकर संग्रहण और विक्रय किए जाने का भी आरोप लगाया।
संगठन ने अवैध ठेके को निरस्त कर नियमानुसार व्यवस्था लागू करने, दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पशुपालकों एवं गोशालाओं को राहत देने की मांग की है।