प्रतापगढ़। जिले के धरियावद उपखंड अंतर्गत बाँसी घाट सेक्शन पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बोहेड़ा से धरियावद की ओर आ रही मूंगफली के छिलकों से भरी एक ट्रक घाट पर उतरते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रक पलटते ही शॉर्ट सर्किट के कारण उसमें भीषण आग लग गई।
चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। दोनों को मामूली चोटें आई हैं। घाट क्षेत्र जंगल से घिरा होने के कारण आग पर काबू पाने की त्वरित व्यवस्था नहीं हो सकी, जिससे ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाँसी घाट पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, इसके बावजूद यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।