चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में निंबाहेड़ा युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई परिवार द्वारा आगामी 30 दिसंबर को आयोजित की जा रही “अरावली बचाओ पदयात्रा” के तहत गुरुवार को पेच एरिया परिसर स्थित कांग्रेस कार्यालय में पदयात्रा के पोस्टर एवं टी-शर्ट का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि अरावली पर्वतमाला राजस्थान की जीवनरेखा है, इसका संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अरावली पर हो रहा अंधाधुंध अवैध खनन पर्यावरण, भूजल स्तर एवं जैव विविधता के लिए गंभीर खतरा बन चुका है, जिसे हर हाल में रोका जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और भविष्य की रक्षा का संकल्प है। युवाओं द्वारा उठाई गई यह आवाज आने वाले समय में एक बड़ा जनआंदोलन बनेगी।
उन्होंने दो टूक कहा अरावली बचेगी तभी राजस्थान बचेगा।”
यह पदयात्रा 30 दिसंबर को प्रातः निंबाहेड़ा स्थित पेच एरिया परिसर कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ होकर जिला कलेक्टर कार्यालय, चित्तौड़गढ़ तक पहुँचेगी, जहाँ अरावली पर्वतमाला के संरक्षण, अवैध खनन पर पूर्ण रोक, भूजल स्तर बचाने एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा।
युवा कार्यकर्ता हाथों में पोस्टर एवं बैनर लेकर यह संदेश देंगे कि यदि आज अरावली नहीं बचेगी, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, सुरक्षित जल स्रोत और हरित पर्यावरण नहीं मिल पाएगा। यह पदयात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक मजबूत एवं सकारात्मक पहल सिद्ध होगी।
इस अवसर पर छोटी सादड़ी पंचायत समिति के पूर्व प्रधान मनोहरलाल आंजना, सुभाषचंद्र शारदा, पुरण आंजना, क्रय-विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष गोपाल आंजना, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम झवर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सम्पत धाकड़, नगर कांग्रेस अध्यक्ष बंसीलाल राइवल, नगर कांग्रेस संगठन महासचिव रविप्रकाश सोनी, चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ कोषाध्यक्ष मनोज पारख, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह आंजना, जिला कांग्रेस सचिव नुसरत खान, वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश गोयल, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत जाट, नगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोमिल चौधरी, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष पिंकेश जैन, निंबाहेड़ा एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष दीपक धाकड़, नगर एनएसयूआई अध्यक्ष राहुल सेन, ब्लॉक एनएसयूआई अध्यक्ष भंवर सिंह शक्तावत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पंकज शर्मा, कन्हैयालाल धाकड़, बंटी मीणा, मुकेश जाट, सत्यानारायण शर्मा, बाबू खान मेव, राजेश अस्तौलिया, विक्रम अहीर, सलीम शहजादा, आशुतोष टांक, दिलखुश मीणा एवं कांग्रेस कार्यालय प्रभारी ज़ाकिर हुसैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।