नीमच। नीमच के लेवड़ा स्थित श्री शिव शक्ति धाम शुक्रवार को शिव भक्ति, साधना और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत केंद्र बन गया, जब परम पूज्य संत श्री श्री 1008 कमलानंद गिरि जी महाराज की षष्ठम पुण्य स्मरण तिथि के अवसर पर हरियाणा से आई जंगम बाबाओं की मंडली ने अपनी दिव्य प्रस्तुति से समूचे वातावरण को शिवमय कर दिया।
भगवा वस्त्रों में सुसज्जित और माथे पर मोरपंख धारण किए जंगम मंडली के सदस्यों ने भगवान शिव की शिव वाणी, भक्ति गीतों और महिमा गायन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। जैसे ही शिव वाणी गूंजी, पूरा धाम “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।
मंडली के सदस्यों ने बताया कि जंगम पंथ की परंपरा त्रेता युग से चली आ रही है, जिसकी जड़ें हरियाणा से जुड़ी हुई हैं। इस पंथ की विभिन्न मंडलियां देशभर में भ्रमण कर शिव भक्ति और साधना का प्रचार-प्रसार करती हैं। राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश सहित अनेक राज्यों में जंगम मंडली की प्रस्तुतियां आध्यात्मिक चेतना का संदेश देती रही हैं।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि हाल ही में प्रयागराज कुंभ में जंगम पंथ ने अपनी विशिष्ट शिव वाणी और साधना परंपरा के माध्यम से देशभर में अलग पहचान बनाई है।
कार्यक्रम के दौरान जंगम मंडली ने अपने जीवन दर्शन, साधना मार्ग और शिव भक्ति की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। श्रद्धालुओं ने मधुर शिव वाणी का रसपान कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।