गरोठ। क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा भानपुर रोड स्थित कुरैशी वेयरहाउस के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटड़ा बुजुर्ग निवासी जगदीश लोहार (50), पिता देवीलाल लोहार, अपनी पत्नी कौशल्या बाई (48) के साथ 24 दिसंबर को अपनी बुआ के गांव अंतरालिया गए थे। शनिवार को दोनों बाइक से अंतरालिया से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गरोठ के पास अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को गरोठ के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कौशल्या बाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल जगदीश की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए झालावाड़ (राजस्थान) रेफर किया गया।
इधर, गरोठ अस्पताल में मृतका का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।