गरोठ। गरोठ क्षेत्र में भानपुर रोड स्थित कुरैशी वेयरहाउस के पास शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटड़ा बुजुर्ग गांव निवासी जगदीश (50) पिता देवीलाल लोहार अपनी पत्नी कौशल्या बाई (48) के साथ बाइक से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को गरोठ के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कौशल्या बाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल जगदीश की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए झालावाड़ (राजस्थान) रेफर किया गया।
मृतिका का पोस्टमार्टम गरोठ अस्पताल में किया जा रहा है। गरोठ पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मर्ग कायम कर लिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश सहित दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।