मोरवन। चंबल पेयजल योजना के अंतर्गत पाइपलाइन डालने के लिए जल निगम एवं ठेकेदार द्वारा मोरवन बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क खुदाई कर उसे क्षतिग्रस्त अवस्था में छोड़ दिया गया है। सड़क की मरम्मत नहीं होने से राहगीरों, वाहन चालकों और दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार खुदी हुई सड़क के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, जिसमें कई लोग घायल भी हो चुके हैं। बस स्टैंड क्षेत्र में घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे यात्रियों और व्यापारियों को काफी असुविधा हो रही है।
स्थानीय दुकानदारों एवं ग्रामीणों का कहना है कि जल निगम के इंजीनियर को कई बार फोन कर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं की गई। इससे आमजन में रोष व्याप्त है।
इस संबंध में जल निगम के इंजीनियर दिलीप ने बताया कि पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोली गई थी, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से कार्य फिलहाल रुका हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रात्रि में मुरम डालकर गड्ढों को भरकर सड़क को दुरुस्त किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कार्य जल्द पूरा कर सड़क की स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि दुर्घटनाओं और जाम की समस्या से राहत मिल सके।