मंदसौर। जिले के मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत महू-नीमच हाईवे पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रहे एक लॉन्ग व्हील कंटेनर ने आयशर मिनी ट्रक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आयशर मिनी ट्रक में लहसुन भरा हुआ था। ट्रक चालक अनवर रंगरेज लहसुन नीमच से पिपलिया मंडी ले जा रहे थे। मल्हारगढ़ के पास मंदसौर की ओर से रॉन्ग साइड से आ रहे कंटेनर ने ट्रक को टक्कर मार दी।

हादसे में ट्रक चालक अनवर रंगरेज घायल हो गए, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं कंटेनर चालक विपिन को कोई चोट नहीं आई।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर मल्हारगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। टोल स्टाफ और जेसीबी की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारु किया जा सका। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
