नीमच। ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल में सातवां वार्षिकोत्सव ‘आरंभ 2025-26’ भव्यता, अनुशासन और सांस्कृतिक वैभव के साथ आयोजित हुआ। विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक, योग और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल को ऊर्जा और उल्लास से भर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन से हुआ। प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि डॉ. प्रशांत शर्मा, विशिष्ट अतिथि डॉ. सुरेंद्र सिंह शक्तावत और डॉ. अजीत प्रताप सिंह उपस्थित रहे। हेड बॉय कृष्णपाल सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया, जिसके बाद अतिथियों ने विद्यालय की प्रगति और विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की।
द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि अनिल चौरसिया और विशिष्ट अतिथि डॉ. माधुरी चौरसिया की उपस्थिति में विद्यालय के वार्षिक न्यूजलेटर का लोकार्पण किया गया। प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में चार युग, शिव स्तुति, दशावतार, समूह नृत्य, नाट्य मंचन, योग और देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों की सशक्त मंच प्रस्तुति, सटीक कोरियोग्राफी और भावपूर्ण अभिनय ने पौराणिक व ऐतिहासिक कथाओं को जीवंत किया।
विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा चौरसिया ने आयोजन की सफलता पर विद्यालय परिवार को बधाई दी और कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में रचनात्मकता और आत्मविश्वास के विकास में सहायक हैं। कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ, जो विद्यार्थियों की प्रतिभा, टीम वर्क और सर्वांगीण विकास का भव्य उत्सव रहा।