देवरी खवासा। ग्राम देवरी खवासा में नवयुवक मित्र मंडल सुंदरकांड ग्रुप द्वारा प्रत्येक माह के प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से सुंदरकांड का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में गांव के नवयुवकों के साथ-साथ वरिष्ठजन भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।
इस अनूठी पहल से न केवल गांव, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी सुंदरकांड ग्रुप की सराहना हो रही है। वरिष्ठजनों द्वारा युवाओं को धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने हेतु निरंतर प्रेरित किया जा रहा है, जिससे युवाओं में संस्कार, आस्था एवं सामाजिक एकता की भावना सुदृढ़ हो रही है।
आमतौर पर सुंदरकांड का आयोजन मंदिरों में किया जाता है, किंतु देवरी खवासा में नवयुवक मित्र मंडल द्वारा गांववासियों के निजी निवासों पर भी सुंदरकांड का आयोजन किया जा रहा है, जो अपने आप में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल मानी जा रही है।
इसी क्रम में शनिवार को ग्राम के चारभुजा नाथ मंदिर में भव्य सुंदरकांड का आयोजन किया गया। सुंदरकांड वाचन के साथ भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और बालाजी महाराज की भक्ति में आनंद लिया। आयोजन के दौरान संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजनों से गांव में सकारात्मक वातावरण बन रहा है तथा युवा पीढ़ी धर्म और संस्कृति से जुड़ रही है। नवयुवक मित्र मंडल की यह पहल क्षेत्र में प्रेरणा का स्रोत बनती जा रही है।