नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोद में रविवार को करंट लगने से सातवीं कक्षा में अध्ययनरत 11 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कपिल पिता राजेश सालवी के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार का अवकाश होने के कारण कपिल अपने परिजनों के साथ खेत पर गया था। खेत में पानी लगाने के दौरान वह बिजली विभाग की निचली और खुली विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसे तेज करंट लग गया।

परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बालक के शव को जिला अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विद्युत लाइनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
