सरवानिया महाराज। शहर के मुख्य मार्ग पर दिनभर में कई बार जाम जैसी स्थिति निर्मित हो रही है, जिससे आम नागरिकों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जाम की प्रमुख वजह सड़क किनारे अतिक्रमण और नीमच-सिंगोली रोड पर जारी निर्माण कार्य बताया जा रहा है।
यह मार्ग शहर की जीवनरेखा माना जाता है, जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क के दोनों ओर शहर का प्रमुख बाजार स्थित है। यहां किराना, राशन, सब्जी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटो पार्ट्स, होटल, कपड़ा, सीमेंट सहित दैनिक उपयोग की विभिन्न दुकानें संचालित हैं। दुकानों पर आने वाले ग्राहक अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई और कम हो जाती है और जाम जैसी स्थिति बन जाती है।
वर्तमान में नीमच-सिंगोली रोड के निर्माण कार्य के चलते भारी संख्या में वाहन जावी चौराहे से होकर जावी मार्ग के माध्यम से नीमच की ओर आवागमन कर रहे हैं। इससे जावी चौराहे पर भी दिनभर ट्रैफिक का अत्यधिक दबाव बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शीघ्र ही सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से यातायात नियंत्रण एवं वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने की मांग की है।